जाड़ों में ही नहीं पूरे साल रहती है दिल्ली-एनसीआर की हवा जानलेवा

Editorial Team13 मई. 2019
जानलेवा हवा: आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली की हवा साल भर ख़तरनाक स्तर पर रहती है पर देश के पर्यावरण मंत्री चेतावनी देनी वाली रिपोर्ट्स को “डर” फैलाने वाली बता रहे हैं। फ़ोटो: CNN

जानलेवा हवा: आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली की हवा साल भर ख़तरनाक स्तर पर रहती है पर देश के पर्यावरण मंत्री चेतावनी देनी वाली रिपोर्ट्स को “डर” फैलाने वाली बता रहे हैं। फ़ोटो: CNN


केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के आंकड़ों का अध्ययन कर जानकारों ने बताया है कि सिर्फ ठंड के मौसम में ही नहीं दिल्ली और उससे सटे शहरों की हवा गर्मियों में भी बहुत प्रदूषित और दम घोंटने वाली है। सोमवार को दिल्ली की हवा “बहुत ख़राब”(322), गाज़ियाबाद की “बहुत ख़राब (384)” और गुरुग्राम की “खराब” (277) श्रेणी में थी। दिल्ली में 1 से 12 मई के बीच 10 जगहों में पीएम 2.5 का औसत 500 था जो कि “हानिकारक” की श्रेणी में आता है। 

सरकार ने वायु प्रदूषण पर चिंताजनक रिपोर्ट को फिर किया खारिज

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री हर्षवर्धन ने हाल ही में प्रकाशित हुई ‘स्टेट ऑफ ग्लोबल एयर रिपोर्ट’ (SoGA) को खारिज करते हुये कहा है कि ऐसी रिपोर्ट्स का मकसद सिर्फ“डर” पैदा करना होता है। पिछले महीने प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया था कि 2017 में भारत में 12 लाख लोगों की मौत वायु प्रदूषण की वजह से हुई। इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों में इस तरह की चेतावनी दी जा चुकी है जिसमें दो साल पहले प्रकाशित लेंसट रिपोर्ट भी शामिल है।
उल्लेखनीय है कि दो साल पहले भी तत्कालीन पर्यावरण मंत्री अनिल दवे ने लेंसट रिपोर्ट को खारिज़ कर दिया था जबकि सरकार की अपनी रिसर्च बॉडी इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के शोध में भी पिछले साल ऐसे ही चिंताजनक आंकड़े सामने आये।

लोकसभा चुनाव: आप ने किया फसल की ठूंठ जलाने से होने वाले प्रदूषण से लड़ने का वादा

पिछली 12 मई को दिल्ली में 7 लोकसभा सीटों पर वोट डाले गये। यहां सभी सीटों पर लड़ रही आम आदमी पार्टी (आप) ने हर साल जाड़ों से पहले फसल की ठूंठ (खुंटी) जलाने से होने वाले प्रदूषण से लड़ने का वादा किया है। पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में किसानों द्वारा फसल कटाई के बाद खुंटी जलाने से दिल्ली में हर दमघोंटू हालात पैदा हो जाते हैं। इससे निबटने के लिये नई तकनीक की मशीनें लाये जाने और राज्यों के बीच तालमेल बिठाने की बात उठती रही है।

Share

LinkedInXFacebook

लेखक के बारे में

Editorial Team

Editorial Team

A team of handpicked and dedicated writers committed to fact check each climate-related statement. They go to the roots and intent of each policy implemented, internationally and at home, to help you understand climate better.
लेखक के और लेख देखें