कॉप31 बेनतीजा: फाइनेंस पर सहमति नहीं, जीवाश्म ईंधन पर भी मतभेद
तुर्किये के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन कॉप31 बिना किसी अंतिम समझौते के समाप्त हो गया। करीब दो सप्ताह तक चली बातचीत और तय समयसीमा से लगभग 48 घंटे अधिक चली वार्ता के बावजूद करीब 200 देश जीवाश्म ईंधन के इस्तेमाल को कम करने और विकासशील देशों को क्लाइमेट फाइनेंस उपलब्ध कराने जैसे अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बना सके।
सम्मेलन में सबसे बड़ा विवाद कोयला, तेल और प्राकृतिक गैस फेज-आउट की स्पष्ट प्रतिबद्धता को लेकर रहा। वहीं, विकासशील देशों ने विकसित देशों पर जलवायु संकट से निपटने के लिए जरूरी वित्तीय मदद देने के मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया।
फाइनेंस पर फिर निराश हुए विकासशील देश
सम्मेलन में जलवायु वित्त का मुद्दा एक बार फिर विवाद का केंद्र रहा। भारत ने समान विचारधारा वाले विकासशील देशों (एलएमडीसी) की ओर से कहा कि विकसित देशों ने बातचीत के दौरान जलवायु वित्त के मुद्दे पर चर्चा करने से भी इनकार कर दिया।
भारत के मुताबिक, विकासशील देशों को बताया गया कि फाइनेंस का मुद्दा अब चर्चा के लिए उपलब्ध नहीं है। जबकि जलवायु परिवर्तन के लिए ऐतिहासिक रूप से सबसे कम जिम्मेदार होने के बावजूद विकासशील देशों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ रहे हैं।
भारत ने अंतिम मसौदे में समानता (इक्विटी) और साझा लेकिन विभेदित उत्तरदायित्व (कॉमन बट डिफ्रेंशिएटेड रिस्पॉन्सिबिलिटीज़-सीबीडीआर) के सिद्धांत को पर्याप्त जगह नहीं दिए जाने पर भी आपत्ति जताई। इस सिद्धांत के मुताबिक, जलवायु संकट के लिए ऐतिहासिक रूप से अधिक जिम्मेदार विकसित देशों को इससे निपटने में बड़ी भूमिका निभानी चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के मुताबिक, विकासशील देशों को अनुकूलन (अडॉप्टेशन) के लिए 2035 तक सालाना 305 अरब डॉलर की जरूरत होगी। लेकिन 2024 में विकसित देशों से मिलने वाली अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक सहायता केवल 28.2 से 31.7 अरब डॉलर रही।
जीवाश्म ईंधन फेजआउट का जिक्र नहीं
सम्मेलन के अंतिम मसौदे में जीवाश्म ईंधन के इस्तेमाल को चरणबद्ध तरीके से खत्म करने का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया। इस पर यूरोपीय संघ समेत कई देशों ने कड़ी आपत्ति जताई।
गौरतलब है कि 2023 में दुबई में हुए कॉप28 में पहली बार कोयले, तेल और गैस जैसे जीवाश्म ईंधनों से दूर जाने (फेज-डाउन) की प्रतिबद्धता जताई गई थी। लेकिन कॉप31 के मसौदे में इस दिशा में आगे बढ़ने का कोई नया ठोस लक्ष्य शामिल नहीं किया गया। रूस और सऊदी अरब जैसे देशों ने जीवाश्म ईंधन का उल्लेख करने का विरोध किया। वहीं, यूरोपीय संघ ने कहा कि जीवाश्म ईंधन का जिक्र किए बिना जलवायु समझौते का कोई मतलब नहीं है।
कार्बन कैप्चर तकनीक को बढ़ावा देने पर विवाद
सम्मेलन के मसौदे में औद्योगिक प्रदूषण कम करने के लिए कार्बन कैप्चर और स्टोरेज तकनीक को बढ़ावा देने का भी प्रस्ताव था। इस तकनीक के तहत उद्योगों से निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड को वातावरण में जाने से पहले रोककर जमा किया जाता है।
हालांकि, कई देशों और पर्यावरण संगठनों ने इसका विरोध किया। उनका तर्क था कि इस तकनीक पर जरूरत से ज्यादा जोर देने से जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल घटाने की वास्तविक कोशिशें कमजोर पड़ सकती हैं।
तापमान वृद्धि का खतरा बढ़ा
सम्मेलन ऐसे समय में बेनतीजा रहा है, जब दुनिया का तापमान औद्योगिक काल से पहले के स्तर के मुकाबले 1.5 डिग्री सेल्सियस की सीमा पार करने की ओर बढ़ रहा है। मौजूदा नीतियां जारी रहने पर इस सदी के अंत तक तापमान में करीब 2.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि भारत ने आखिरी समय तक रचनात्मक तरीके से बातचीत में हिस्सा लिया। उन्होंने अंतिम समझौता नहीं हो पाने पर निराशा जताई और कहा कि इससे भारत की घरेलू जलवायु कार्रवाई प्रभावित नहीं होगी।
सम्मेलन में कुछ छोटे मुद्दों पर प्रगति जरूर हुई। करीब 100 देशों ने 2035 तक ऊर्जा खपत में बिजली की हिस्सेदारी मौजूदा करीब 21 फीसदी से बढ़ाकर 35 फीसदी करने के अलग प्रस्ताव का समर्थन किया। हालांकि, जीवाश्म ईंधन, वित्त और अन्य बड़े मुद्दों पर बातचीत अब अगले साल इथियोपिया में होने वाले सम्मेलन तक टल गई है।