केरल तट पर डूबा लाइबेरियन जहाज, तेल रिसाव से पर्यावरण पर खतरा
फोटो: @IndiaCoastGuard/X
केरल के तट के पास रविवार तड़के डूबे लाइबेरियन मालवाहक जहाज MSC ELSA 3 से कंटेनर बहकर किनारे पर पहुंचने लगे हैं। पुलिस ने सोमवार को बताया कि कोल्लम और आलप्पुझा जिलों के तटीय क्षेत्रों में कम से कम 10 कंटेनर देखे गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से इन कंटेनरों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है, क्योंकि जहाज पर 13 कंटेनर ऐसे थे जिनमें खतरनाक रसायन थे।
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के अनुसार लाइबेरियन जहाज में 84.44 मीट्रिक टन डीज़ल और 367.1 मीट्रिक टन फर्नेस ऑयल था, जिससे बड़ा तेल रिसाव हुआ है। यह ईंधन समुद्री सतह पर फैल गया है और तीन किलोमीटर प्रति घंटे की गति से बह रहा है, जिससे पर्यावरण पर खतरा मंडरा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि कुछ कंटेनरों में कैल्शियम कार्बाइड जैसे रसायन थे, जो समुद्र के पानी से संपर्क में आने पर अत्यधिक ज्वलनशील गैस एसीटिलीन उत्पन्न करते हैं।
कस्टम विभाग और तटरक्षक बल मिलकर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। जनता को कम से कम 200 मीटर की दूरी बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस (112) को देने की अपील की गई है।